करंट से जंगली सुअर के अवैध शिकार पर वन विभाग की सख्त कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

TEJASWI NATH SONI

January 4, 2026

बलौदाबाजार, 4 जनवरी 2026/

जिले में वन्यप्राणियों के संरक्षण को लेकर वन विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में ज़ी.आई. तार में विद्युत प्रवाह कर जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बलौदाबाजार भेज दिया गया है।

वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार एवं उप वनमण्डलाधिकारी कसडोल श्री अनिल वर्मा के नेतृत्व में 31 दिसंबर 2025 की रात्रि गश्त के दौरान सोनाखान परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 238 में 11 के.व्ही. विद्युत लाइन से ज़ी.आई. तार के माध्यम से अवैध हुकिंग किए जाने का मामला सामने आया।

मौके के निरीक्षण के दौरान लहुरसिंग के खेत में एक जंगली सुअर मृत अवस्था में पाया गया। मृत वन्यप्राणी के समीप से जी.आई. तार गुजरता हुआ मिला, जिससे करंट से शिकार की पुष्टि हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने किया अपराध स्वीकार

इस मामले में संदिग्ध व्यक्तियों

सुरेश बरिहा पिता गोसाईराम बरिहा, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम वीरनारायणपुर

अंजोर सिंह बिंझवार पिता रामसिंह बिंझवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम सोनाखान

से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने वन्यप्राणी के शिकार हेतु विद्युत करंट लगाने की बात स्वीकार की।

वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 16440/04 दिनांक 01/01/2026 दर्ज किया गया। मृत जंगली सुअर का शव परीक्षण पशु चिकित्सा अधिकारी श्री योगेश कुमार साहू (हसुआ) द्वारा कराया गया, जिसके पश्चात पंचनामा तैयार कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।

वन विभाग की सख्त चेतावनी

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार, करंट लगाने या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी सोनाखान दीपक कौशिक, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल मुकेश कश्यप, वनरक्षक मुकुल बघेल, खगेश्वर ध्रुव, बुद्धेश्वर दिवाकर एवं सुरक्षा श्रमिक सक्रिय रूप से शामिल रहे।

👉 वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रशासन की यह कार्रवाई जिले में एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment