भाटापारा में खाद्य सुरक्षा जांच अभियान, साक्षी डेयरी से पनीर का सैंपल लिया गया

TEJASWI NATH SONI

December 16, 2025

बलौदाबाजार, 16 दिसम्बर 2025/ कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा भाटापारा शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा की गई।

 

अभियान के दौरान भाटापारा शहर स्थित मेसर्स साक्षी डेयरी, मुंशी स्माइल वार्ड, बलौदाबाजार रोड तथा मेसर्स राधे डेयरी, पटपर रोड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में साक्षी डेयरी में पनीर, दही एवं अन्य दुग्ध उत्पादों का भंडारण अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पाया गया। खाद्य पदार्थों को ढकने की समुचित व्यवस्था नहीं थी तथा पनीर का निर्माण भी अनहाइजिनिक स्थिति में किया जा रहा था।

 

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए डेयरी संचालक को सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। साथ ही खुले पनीर का नमूना संकलित कर उसे जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

 

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment