बसना। तहसील अंतर्गत ग्राम बोहारपार स्थित कर्मा माता मंदिर में आयोजित तहसील स्तरीय कर्मा माता जयंती समारोह 2026 के तहत चल रहे श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ एवं ज्ञानयज्ञ सप्ताह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान भी “मोर जिला पंचायत मोर गांव” अभियान के तहत बोहारपारा पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कर्मा माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा देने का कार्य करती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
समारोह के दौरान प्रतिदिन कथा वाचन के साथ भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम 12 मार्च से 18 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित कथा का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।