लवन की महामाया दाई के दरबार में आस्था की लौ — चैत्र नवरात्रि में जली 2350 मनोकामना ज्योत

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 24, 2026


लवन। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर लवन स्थित महामाया दाई मंदिर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। यहां भक्तों की श्रद्धा इतनी प्रबल है कि इस बार मंदिर में 2350 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई है। दूर-दूर के गांवों और नगरों से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर महामाया दाई के दरबार पहुंच रहे हैं।

भक्तों का मानना है कि लवन की महामाया दाई के समक्ष सच्चे मन से मांगी गई हर इच्छा पूर्ण होती है। मनोकामनाएं पूरी होने से श्रद्धालुओं का विश्वास और आस्था दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिसके कारण दूर-दूर से लोग यहां मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कराने पहुंच रहे हैं। नवरात्रि के दौरान यहां मनोकामना ज्योत जलाने की परंपरा निरंतर बढ़ती जा रही है और मंदिर परिसर में दिन-रात श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन सेवा और जस-गीत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होकर माता की भक्ति में लीन हो रहे हैं। ढोल-मांदर और भक्ति गीतों के साथ पूरा परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर दिखाई दे रहा है।

मंदिर के पुजारी पंडित भावेश महाराज ने बताया कि इस वर्ष चैत्र नवरात्रि में कुल 2350 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंच रहे हैं और श्रद्धा के साथ ज्योत प्रज्वलित करा रहे हैं।

नवरात्रि के चलते लवन का महामाया मंदिर इन दिनों आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां प्रतिदिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment