जादू-मंतर से पैसा कई गुना करने का झांसा देकर पांच लाख की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

February 18, 2026


पलारी, 18 फरवरी को थाना पलारी पुलिस ने जादू-मंतर से पैसा कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर ठगी करने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम बलौदी और ग्राम रामपुर के दो लोगों से कुल पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। रकम वापस मांगने पर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वर्ष 2022 में दोनों प्रार्थियों के घर पहुंचकर जादू मंत्र से रकम कई गुना करने का लालच दिया और अलग-अलग तिथियों में तीन लाख तथा दो लाख रुपये नगद ले लिए। लंबे समय तक टालमटोल करने के बाद जब पीड़ितों ने सख्ती से पैसा वापस मांगा, तो उन्हें धमकाया जाने लगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी पलारी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच तेज की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को ग्राम धौराभाठा, थाना खरोरा, जिला रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने कुल पांच लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में दीनदयाल जांगड़े (66 वर्ष) एवं उसका पुत्र पुरुषोत्तम जांगड़े (35 वर्ष) शामिल हैं। उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं 5,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। दोनों के विरुद्ध धारा 420, 506, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर 18 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या अंधविश्वास में आकर अपनी मेहनत की कमाई किसी को न सौंपें तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment