बलौदाबाजार-भाटापारा, 02 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णय अब जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। जिले के ग्राम संकरी निवासी प्रगतिशील किसान रूपचंद साहू ने शासन की धान खरीदी नीति और उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की खुले दिल से सराहना की है।
किसान रूपचंद साहू ने बताया कि उन्होंने उपार्जन केंद्र में 230 कट्टा धान का विक्रय किया है, जिसके लिए उन्हें 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह दर किसानों के लिए न केवल आर्थिक राहत है, बल्कि उनके परिश्रम का सही सम्मान भी है।
चार एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले रूपचंद साहू ने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक बेहतर और सुव्यवस्थित हैं। किसानों को बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, धूप से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था तथा स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे किसानों को अपनी बारी के इंतजार में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में सुव्यवस्थित व्यवस्था होने से धान विक्रय की प्रक्रिया सुगम, पारदर्शी और सम्मानजनक बनी है। किसानों को न तो अनावश्यक भटकना पड़ रहा है और न ही किसी प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों से किए गए 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी के वादे को पूरा करने पर आभार व्यक्त करते हुए रूपचंद साहू ने कहा कि यह निर्णय किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों से प्रदेश के अन्नदाताओं की आय बढ़ेगी और खेती-किसानी के प्रति युवाओं का रुझान भी मजबूत होगा।