छत्तीसगढ़ में फर्जी CID अधिकारी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो पर बोर्ड लगाकर दिखाता था धौंस

TEJASWI NATH SONI

February 24, 2026

जावेद अली आज़ाद – ब्यूरो प्रमुख

धमतरी (सुघर गांव)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर रौब झाड़ने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो में “नेशनल क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन” का लोगो तथा “वाइस प्रेसिडेंट सीजी, नेशनल क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन ऑल इंडिया” लिखी प्लेट लगाकर घूम रहा था और स्वयं को सीआईडी अधिकारी बताकर आमजन को प्रभावित कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी अभियान के तहत 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा है, जिसमें भ्रामक बोर्ड लगा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में वाहन की जांच की।

कांकेर निवासी निकला आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया। वाहन के डैशबोर्ड पर संबंधित संगठन का लोगो एवं पदनाम प्रदर्शित बोर्ड मिला। उसके पास से “क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट” और “टाइम इन्वेस्टिगेशन डिटेक्टिव” अंकित दो आईडी कार्ड भी बरामद हुए, जिनमें स्वयं को नेशनल ऑफिसर दर्शाया गया था।

टोल टैक्स से बचने और रौब जमाने के लिए करता था इस्तेमाल

आरोपी वैध नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाणपत्र या अधिकृत आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में कुछ व्यक्तियों के माध्यम से फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे और ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाता रहा। वह इन कार्डों और बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने तथा विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।

पुलिस ने किया सामान जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 फर्जी आईडी कार्ड, 01 नेशनल क्राइम कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन लिखा बोर्ड, 01 महिंद्रा स्कॉर्पियो (CG 05 AU 6136), 01 आईफोन 11 प्रो (जियो सिम सहित) तथा 01 सैमसंग एम12 (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित) जब्त किया है।

बीएनएस के तहत मामला दर्ज

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 21 फरवरी की रात लगभग 10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या फर्जी अधिकारी के बारे में तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment