सुप्रीम कोर्ट और बाल अधिकार आयोग के निर्देश पर आयु सत्यापन प्रक्रिया के तहत हुई जांच
बलौदाबाजार, 21 मार्च 2026। सर्वोच्च न्यायालय एवं बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जेलों में निरुद्ध बंदियों के आयु सत्यापन के लिए गठित जिला स्तरीय विशेषज्ञ समिति ने जिला जेल बलौदाबाजार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने जेल की विभिन्न बैरकों का दौरा कर बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी वास्तविक आयु से संबंधित जानकारी एकत्रित की।
जांच के दौरान एक बंदी की आयु संदिग्ध पाई गई है। इस मामले में संबंधित बंदी के दस्तावेजों के सत्यापन के लिए उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। आयु की पुष्टि होने के बाद आवश्यकतानुसार उसे बाल संप्रेषण गृह में स्थानांतरित किया जा सकता है।
इस दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास, विधिक सहपरिवीक्षा अधिकारी मेघा शर्मा, पेनल अधिवक्ता संजय सोनी सहित जेल प्रशासन के कर्मचारी उपस्थित रहे।