
रिपोर्टर टेकराम कोसले
रायपुर । समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का एक मार्मिक और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। कृष्ण मित्र फाउंडेशन ने 6 लावारिस शवों का पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कर समाज में संवेदनशीलता की नई मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से प्राप्त ये शव लंबे समय से मेकाहारा अस्पताल में सुरक्षित रखे गए थे, लेकिन किसी परिजन के सामने न आने के कारण उनका अंतिम संस्कार नहीं हो पा रहा था। ऐसे संवेदनशील हालात में फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने मानवीय पहल करते हुए प्रशासन से समन्वय स्थापित किया।
तहसीलदार राम मूर्ति दीवान के सहयोग से आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर शवों को अंतिम संस्कार के लिए प्राप्त किया गया। इसके बाद टिकरापारा स्थित सरजू बांधा शमशान घाट में सभी शवों का विधिवत और सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।
कृष्ण मित्र फाउंडेशन की यह कार्यशैली न केवल सुव्यवस्थित है, बल्कि गहरी सेवा भावना और मानवता के मूल्यों से ओत-प्रोत भी है। संस्था लंबे समय से लावारिस शवों के अंतिम संस्कार का जिम्मा उठाकर समाज में एक सकारात्मक संदेश दे रही है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव लाल यादव का संवेदनशील नेतृत्व इस सेवा कार्य की मजबूत आधारशिला बनकर उभरा है। उनका यह प्रयास न सिर्फ मानवता की सेवा है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है, जो यह संदेश देता है कि हर जीवन और मृत्यु सम्मान के योग्य है।