रोजगार सहायक पर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि गबन का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीओ को सौंपा आवेदन

SARJU PRASAD SAHU

January 26, 2026

बसना। विकासखंड बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत बीरसिंगपाली में पदस्थ रोजगार सहायक पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की राशि के गबन का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में ग्राम के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत बीरसिंगपाली की रोजगार सहायक मीनाक्षी पटेल द्वारा बीते लगभग पांच वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मिलने वाली राशि अपने घर के सदस्यों एवं करीबी लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जा रही है। आरोप है कि वास्तविक लाभार्थियों के नाम पर स्वीकृत आवास राशि को अन्य व्यक्तियों के खातों में भेजकर गबन किया गया।

आवेदन में जिन हितग्राहियों के नामों का उल्लेख किया गया है, उनमें साहनी पिता बोहराम, रामबाई पिता समारू, सावित्री पति जलसिंह, पंडित पिता शंकर तथा कुंवारी बाई पति रामसिंह शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन सभी के नाम पर जारी की गई आवास की राशि रोजगार सहायक द्वारा अपने परिवारजनों एवं परिचितों के खातों में डलवाई गई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि जब इस संबंध में रोजगार सहायक से सवाल किया जाता है तो उनके द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है तथा धमकी दी जाती है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रोजगार सहायक के पति श्यामलाल गौतम पटेल, थाना सरायपाली में 112 वाहन चालक के पद पर पदस्थ हैं, जिनके प्रभाव का उपयोग कर ग्रामीणों पर दबाव बनाया जाता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने, साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के वास्तविक हितग्राहियों को उनकी लंबित राशि दिलाने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment