ललितपुर प्राथमिक शाला में कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई, नेवता भोज का भी हुआ आयोजन

TEKRAM KOSLE

March 13, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बसना विकासखंड के संकुल केंद्र जमदरहा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर में कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों के लिए भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत नेवता भोज का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच नोनी बाई चौहान थीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समिति सदस्य कायतराम चौहान, पंच मीना बाई चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नेहरूलाल साहू ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि तथा उपस्थित पालकों और माताओं का पुष्पहार व पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर शाला के प्रधान पाठक गफ्फार खान ने विदाई गीत और शायरी प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया, जिसे सुनकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने कक्षा 5वीं के छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप पेन भेंट किया।
प्रधान पाठक गफ्फार खान ने भी शाला परिवार की ओर से विद्यार्थियों को कलम, टिफिन और टॉफी देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समिति सदस्य कायतराम चौहान ने अपने संबोधन में बच्चों को आगामी परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त कर माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया तथा इस प्रकार के आयोजन के लिए प्रधान पाठक की सराहना की।
सरपंच नोनी बाई चौहान और शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नेहरूलाल साहू ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहायक शिक्षक प्रहलाद साहू ने भी बच्चों को अपने स्तर से कलम और चॉकलेट वितरित किए। वहीं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी प्रहलाद साहू द्वारा की गई, जिसके लिए प्रधान पाठक गफ्फार खान ने उनका आभार व्यक्त किया।
मध्यान्ह भोजन के दौरान प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार इस सत्र का 24वां नेवता भोज आयोजित किया गया। पढ़कीपाली के प्रधान पाठक विरेंद्र भोई द्वारा उपलब्ध कराई गई खाद्य सामग्री से नेवता भोज का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों को केला, अंगूर, मिक्चर, बिस्किट, चॉकलेट, नारियल और लाइचीदाना परोसा गया। नेवता भोज पाकर बच्चे काफी आनंदित नजर आए।
हालांकि विरेंद्र भोई कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनके सहयोग के लिए विद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद एवं बधाई संदेश प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक गफ्फार खान ने किया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नेहरूलाल साहू, उपाध्यक्ष खेमकुमारी साहू, कायतराम चौहान, मीनाबाई चौहान, अनिता चौहान, बुधियारीन, घुरऊराम, भगवती साहू, रामवती, गायत्री, महेत्तरीन सहित अनेक पालकगण उपस्थित थे।
इस आयोजन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक अनिल सिंह साव, जमदरहा नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार, संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे, बड़ेटेमरी संकुल समन्वयक वारिश कुमार तथा बसना संकुल समन्वयक संघ अध्यक्ष त्रिकांत बाघ ने प्रसन्नता व्यक्त की।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment