
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बसना, 13 मार्च 2026।
बसना विकासखंड के ग्राम कंवरपाली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला कंवरपाली में कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यालय के छोटे विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, कविता एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का मन मोह लिया। कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए अपनी कविता के माध्यम से विदाई की भावनाओं और परीक्षा के महत्व को बताया तथा सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षा के लिए शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय के प्रधान पाठक गोरख लाल पण्डा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम, अनुशासन और लगन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश की सेवा करने का संदेश दिया। वहीं सहायक शिक्षक डिग्री लाल पटेल ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों प्रकृति बरिहा, चांदनी बरिहा, प्रीति चौहान, मुस्कान चौहान, देवराज चौहान एवं यश कुमार चौहान ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों को तख्ती, कॉपी, पेन, कम्पास और पानी की बोतल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य शिव चौहान, कमल किशोर बरिहा, मुखलेंद्र पटेल एवं भागीरथी यादव सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। भावनात्मक माहौल में विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई।
उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा दी गई।