
रिपोर्टर टेकराम कोसले
रायगढ़, 17 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा में हुई मारपीट की घटना ने गंभीर रूप ले लिया है। डंडे से की गई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील कर दिया है। कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा निवासी सोनमति केरकेट्टा, पति करूं केरकेट्टा, उम्र 82 वर्ष, को दिनांक 12 दिसंबर 2025 को गांव के ही निवासी सबी लाल केरकेट्टा द्वारा पुरानी रंजिश के चलते बांस के डंडे से बेरहमी से पीटा गया था। मारपीट के दौरान महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गईं।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजन तत्काल घायल बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा था। लेकिन गंभीर चोटों के चलते 15 दिसंबर 2025 को दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
घटना की सूचना पर थाना पत्थलगांव से प्राप्त बिना नंबरी मर्ग डायरी के आधार पर कापू थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। गवाहों के बयान, परिजनों की जानकारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण होमिसाइडल (हत्या) लेख किए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कपड़े जब्त
कापू पुलिस ने आरोपी सबी लाल केरकेट्टा, पिता अमरसाय केरकेट्टा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम ठाकुरपोड़ी दर्रापारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 228/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपी को उसके घर के सामने खेत की ओर छिपते-छिपाते घूमते हुए घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना के समय पहने गए कपड़े और वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया गया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
कापू पुलिस द्वारा आरोपी को 17 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना जारी है।