बलौदा बाजार/पलारी।भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, बलौद बाजार के जिला अध्यक्ष चरणदास तेहरवंश का मंडलों में सतत प्रवास जारी है। संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने और समाज के बीच संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से वे लगातार विभिन्न मंडलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में टुंडा मंडल के गिधौरी स्थित श्री राम जी के विश्राम वट के नीचे बने बड़ा देव मंदिर परिसर में मोर्चा की एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष चरणदास तेहरवंश थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता टुंडा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश साहू ने की। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा एवं भाजपा संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। बैठक का वातावरण उत्साहपूर्ण और संगठनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
अपने विस्तृत संबोधन में जिला अध्यक्ष चरणदास तेहरवंश ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सतनामी समाज के प्रमुख आस्था केंद्र गिरौदपुरी का व्यापक विकास भाजपा सरकार की देन है। वहां आधारभूत संरचना, सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को लाभ मिला है। इसी प्रकार भंडारपुरी और तेलासीपुरी धाम के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के प्रति भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है।
तेहरवंश ने समाज के लोगों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने पर विशेष बल देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। साथ ही उन्होंने सामाजिक संगठन को मजबूत करने, आपसी एकता बनाए रखने तथा नशा मुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है और इससे दूर रहकर ही समाज आगे बढ़ सकता है।
अपने राजनीतिक वक्तव्य में उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है और देश के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति समाज का उपयोग केवल चुनावी समय में किया। उन्होंने भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के संदर्भ में भी कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि बाबा साहेब के विचारों को सही मायनों में भाजपा ने आगे बढ़ाया है।
बैठक में टुंडा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश साहू, महामंत्री साधराम प्रजापति, मोहन साहू, रोहांशी मंडल महामंत्री गोविंद घृतलहरे, बहस कलिहरी प्राधिकृत अधिकारी सोसाइटी सलोनी श्रीमती गौरी देवी सिंह सहित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा एवं मंडल के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष चरणदास तेहरवंश ने उपस्थित सामाजिक बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने और अनुसूचित जाति समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बैठक को संगठन विस्तार और सामाजिक एकजुटता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।