
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 27 फरवरी 2026। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी रैंप योजना (RAMP) के अंतर्गत सेक्टर स्पेसिफिक कार्यक्रम के तहत इको टूरिज्म विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण CSIDC रायपुर के बैनर तले तथा National Institute for MSME हैदराबाद के सहयोग से आयोजित हुआ।
यह प्रशिक्षण 24 से 26 फरवरी 2026 तक Gayatri Shaktipeeth Bhatapara में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े युवा उद्यमियों, महिला स्व-सहायता समूहों और स्थानीय प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इको टूरिज्म के नए आयामों पर मिला प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को इको टूरिज्म के उभरते रुझान, सतत पर्यटन विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की उद्योग नीति 2024-30 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया, जिससे प्रतिभागियों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की दिशा में मार्गदर्शन मिला।
विशेषज्ञों ने साझा किया अनुभव
कार्यक्रम के विशेष अतिथि बुद्धेश्वर वर्मा (ट्रस्टी, गायत्री शक्तिपीठ भाटापारा) ने अपने उद्बोधन में पर्यटन व्यवसाय में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भावना के महत्व पर प्रकाश डाला।
द्वितीय दिवस पर गौरव यादव (संचालक, नाइट कैंपर्स कोरबा) द्वारा ट्रैकिंग एवं कैंपिंग विषय पर व्यवहारिक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें एडवेंचर टूरिज्म के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।
तृतीय दिवस पर गिरधारी लाल वर्मा (व्यवस्थापक, गायत्री शक्तिपीठ भाटापारा) की उपस्थिति में समापन सत्र आयोजित हुआ। कार्यक्रम का समापन प्रमाण-पत्र वितरण के साथ किया गया।
38 उद्यमियों ने किया कौशल विकास
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 38 उद्यमियों ने भाग लेकर अपने कौशल को सुदृढ़ किया। रैंप योजना के तहत आयोजित यह पहल जिले में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।