सफलता की गूँज: प्राथमिक शाला मोहगांव के 10 बच्चों का नवोदय में चयन, जिला पंचायत सदस्य ने किया भव्य सम्मान

BIRENDRA KUMAR SEN

March 19, 2026

सफलता की गूँज: प्राथमिक शाला मोहगांव के 10 बच्चों का नवोदय में चयन, जिला पंचायत सदस्य ने किया भव्य सम्मान

प्राथमिक विद्यालय मोहगांव के 10 विद्यार्थियों का नवोदय में चयन, भव्य सम्मान किया गया जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान द्वारा-……..
मोहगांव। प्राथमिक विद्यालय मोहगांव के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य श्री मोक्ष कुमार प्रधान उपस्थित रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को जिला पंचायत सदस्य वाला गिफ्ट, पेन और चॉकलेट प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनकी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में श्रीK प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों द्वारा इस प्रकार की उपलब्धि हासिल करना अत्यंत प्रेरणादायक है। यह सफलता न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि शिक्षकों की समर्पित शिक्षा एवं अभिभावकों के सतत सहयोग का भी प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयन होना बच्चों के जीवन को नई दिशा देने वाला अवसर है, जिसका उन्हें भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी तथा अन्य बच्चों को भी इन सफल विद्यार्थियों से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की और कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह एवं खुशी का माहौल बना रहा।
प्राथमिक विद्यालय मोहगांव के शिक्षक जिन्होंने अथक प्रयास किया श्री भोजराज प्रधान जी को भी सम्मानित किया गया साथ विनोद मेहेर जी, सुनील भोई जी, प्रशांत पंडा जी, प्रिंस प्रधान जी, मोहगांव के सरपंच विजय बारीक जी सहित गांव के गणमान्य लोग उपस्थित थे

Share this content:

Leave a Comment