पारिवारिक विवाद बना हिंसा की वजह, बीच-बचाव करने आई महिला से भी मारपीट
बलौदाबाजार, 18 मार्च 2026। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैनाखपरी में पारिवारिक विवाद के चलते छोटे भाई द्वारा बड़े भाई पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी तरुण साहू ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 मार्च 2026 को उसका छोटा भाई तरुण साहू नशे की हालत में घर आया और पुरानी पारिवारिक बात को लेकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए प्रार्थी के दाहिने हाथ को दांत से काट लिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई प्रार्थी की पत्नी के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी तरुण साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम पुरैनाखपरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।