नई दिल्ली में ‘इंस्पिरेशनल इनोवेटिव टीचर अवॉर्ड’ से सम्मानित हुए डॉ. भूपेन्द्र गिलहरे

TEKRAM KOSLE

March 13, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान कार्यक्रम में देशभर के शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान के लिए देश के विभिन्न राज्यों से 36,770 नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें शिक्षकों की प्रेरणादायी कहानियाँ और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के हजारों उदाहरण शामिल थे।
तीन सदस्यीय ज्यूरी— अनिरुद्ध बोस (पूर्व न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट), हिमांशु राय (निदेशक, आईआईएम इंदौर) और अरुण चौहान (राष्ट्रीय संपादक, दैनिक भास्कर)—ने गहन विचार-विमर्श के बाद राष्ट्रीय स्तर पर 3 और राज्य स्तर पर 37, कुल 40 शिक्षकों का चयन किया।
इन चयनित शिक्षकों में छत्तीसगढ़ से डॉ. भूपेन्द्र गिलहरे, व्याख्याता (रसायन शास्त्र), पंडित लक्ष्मी प्रसाद तिवारी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलौदाबाजार, का चयन किया गया।
नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित
यह सम्मान समारोह Hyatt Residency Bika Ji Cama Palace R K Puram, नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जहां धर्मेंद्र प्रधान (केंद्रीय शिक्षा मंत्री, भारत सरकार) ने डॉ. गिलहरे को ‘इंस्पिरेशनल एवं इनोवेटिव टीचर अवॉर्ड’ प्रदान किया। डॉ. गिलहरे ने अपनी पत्नी के साथ यह सम्मान ग्रहण किया।
नवाचार और समर्पण से छात्रों में जगाई वैज्ञानिक सोच
डॉ. भूपेन्द्र गिलहरे को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, संघर्ष और नवाचारी शिक्षण पद्धतियों के लिए सम्मानित किया गया। वे कठिन परिस्थितियों में भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्हें संस्कार, करियर निर्माण और वैज्ञानिक सोच की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने विज्ञान विषय को सरल और रोचक बनाकर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच और सीखने की लगन विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
समारोह में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रधान के साथ-साथ अरुण चौहान, पवन अग्रवाल (डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर), कोमल आर., कशिश थीरवानी, रामनारायण केरावत, इमरान मेवाती, राजेन्द्र सिंह, दिनेश मिश्रा, शेख फिरोज सहित अनेक शिक्षाविद् और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
पहले भी मिल चुके हैं कई राष्ट्रीय-राज्य स्तरीय सम्मान
डॉ. गिलहरे को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पूर्व में भी कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इनमें राज्यपाल शिक्षक सम्मान, डॉ. अम्बेडकर राष्ट्रीय फेलोशिप अवार्ड, ज्ञान रत्न उपाधि, पर्यावरण संचेतक अवॉर्ड, काव्य श्री सम्मान, उत्कृष्ट मार्गदर्शक शिक्षक सम्मान, समाज रत्न उपाधि और बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड प्रमुख हैं।
नई दिल्ली में इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित होने पर समूचे छत्तीसगढ़ प्रदेश में हर्ष और गौरव का वातावरण है। डॉ. गिलहरे की इस उपलब्धि पर अनेक शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment