लक्ष्य प्राप्ति के लिए व्यवधानों से न घबराएं, आत्मविश्वास रखें मजबूत – संजय डहरिया

SARJU PRASAD SAHU

March 23, 2026

महासमुंद। यूपीएससी में चयनित बेलटुकरी निवासी संजय डहरिया के आईएएस बनने पर जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में भव्य जिला स्तरीय संयुक्त सम्मान समारोह एवं मोटिवेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के नेतृत्व में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिकारी कर्मचारी संघ (अजाक्स) एवं छत्तीसगढ़ीया सर्व समाज महासंघ के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय डहरिया उपस्थित रहे। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी टिकेंद्र खटकर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन देते हुए संजय डहरिया ने कहा कि जीवन में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कठिनाइयों और व्यवधानों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए। किसी भी विषय को कठिन मानकर छोड़ना नहीं चाहिए, बल्कि उसे पूरी तरह समझने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण सफर के अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया।

छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका जवाब संजय डहरिया ने सरल और शालीन तरीके से दिया। उन्होंने भारतीय संविधान की मूल भावना ‘सामाजिक न्याय’ को जीवन में अपनाने की बात भी कही।

जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने संजय डहरिया को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। वहीं दिनेश बंजारे ने प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज द्वारा संचालित ‘पे बैक सोसायटी’ के कार्यों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में समाज के 135 अधिकारी-कर्मचारियों एवं व्यवसायियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जो नियमित रूप से ‘पे बैक सोसायटी’ में सहयोग करते हैं। संस्था द्वारा अब तक कई जरूरतमंद छात्रों को उच्च एवं स्कूली शिक्षा के लिए सहायता प्रदान की जा चुकी है, साथ ही छात्रावासों में खेल सामग्री एवं अध्ययन सामग्री का वितरण भी किया जाता है।

अन्य वक्ताओं ने भी संजय डहरिया के संघर्ष और सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम का संचालन रेखराज बघेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिलाध्यक्ष विजय बंजारे ने किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment