ई-ऑफिस से सभी कार्य डिजिटल मोड में करें: कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश

TEJASWI NATH SONI

April 4, 2026

जिले में प्रशासनिक कार्यों को पूर्णतः डिजिटल बनाने की दिशा में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर ई-ऑफिस, आई गॉट कर्मयोगी एवं ई-एचआरएमएस के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को इन प्लेटफॉर्म पर शीघ्र प्रशिक्षण और पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी शासकीय कार्यालयों में कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए और प्रशासन को पूरी तरह डिजिटल मोड में संचालित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि वित्तीय मामलों से संबंधित फाइलों को छोड़कर शेष सभी पत्राचार और फाइलिंग ई-ऑफिस के जरिए ही पूर्ण किए जाएं।

बैठक में उन्होंने विशेष रूप से पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सहित बड़े अमले वाले विभागों को इस दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कोषालय की सूची के अनुसार सभी नियमित अधिकारी-कर्मचारियों को आई गॉट कर्मयोगी मिशन के तहत प्रशिक्षण पूर्ण करने को कहा।

कलेक्टर ने बताया कि आने वाले समय में सभी कार्यालयीन कार्य ऑनलाइन किए जाएंगे, जिसमें ई-एचआरएमएस (e-HRMS) प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके लिए सभी कर्मचारियों का पंजीयन अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा।

बैठक में नोडल अधिकारियों को विकासखंड स्तर के सभी अधिकारी-कर्मचारियों की सूची एवं उनके पंजीयन की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अपर कलेक्टर निशा नेताम मड़ावी सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment