समावेशी शिक्षा अंतर्गत जिला स्तरीय तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित

TEJASWI NATH SONI

February 20, 2026

कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक समग्र शिक्षा दीपक सोनी के दिशा-निर्देश में समावेशी शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों के पालक, अभिभावक एवं संबंधित शालाओं के संस्था प्रमुखों के लिए विकासखण्ड स्त्रोत केन्द्र समग्र शिक्षा बलौदाबाजार में तीन दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में मास्टर्स ट्रेनर्स अर्चना यादव, कु. प्रीति देशमुख एवं सविता चाम्भारे द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रत्येक विकासखण्ड से आए प्रतिभागियों को समावेशी शिक्षा की अवधारणा, दिव्यांग बच्चों के अधिकारों एवं उनके शैक्षणिक समावेशन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान पाठ्यक्रम अनुकूलन, कक्षा रणनीतियाँ, सहायक उपकरणों का उपयोग, आईईपी (Individualized Education Plan) योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों के लिए प्रावधान, तथा सीडब्ल्यूएसएन (Children With Special Needs) के लिए प्रभावी कक्षा व्यवस्था पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पालक एवं अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं शासन की योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया गया।

जिला सांख्यिकी अधिकारी अर्चना बघेल ने दिव्यांग बच्चों के हित में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे एवं जिला मिशन समन्वयक नरेन्द्र वर्मा ने सुझाव दिया कि दिव्यांग बच्चों को सामान्य विद्यार्थियों के साथ समन्वय स्थापित कर अध्ययन-अध्यापन एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

कार्यशाला में सहायक कार्यक्रम समन्वयक जहीर अब्बास, समावेशी शिक्षा प्रभारी खिलावन लाल वर्मा, पीएमयू केशव चन्द्रा एवं योगेन्द्र कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment