कोरबा। एनटीपीसी जमनीपाली में आयोजित सूत सारथी समाज की जिला स्तरीय बैठक में समाज के सर्वांगीण विकास पर मंथन हुआ और जोशीला नारा दिया गया – “सूत सारथी समाज का विकास – अभी नहीं तो कभी नहीं”।
गेंदराम सारथी की अध्यक्षता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक की शुरुआत समाज के आराध्य ब्रह्मर्षि सूत जी के स्मरण के साथ हुई। इसमें समाज के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, समाज में एकजुटता और संगठन को मजबूत करने तथा आवश्यक आर्थिक संसाधन जुटाने पर विशेष जोर दिया गया। समाज के युवा संगठन को सशक्त बनाने की भी रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने एकजुटता, सहयोग और सामंजस्य को ही समाज की प्रगति की कुंजी बताया। समाज के कई गणमान्य सदस्यों ने अपने विचार रखे और सभी ने मिलकर समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
यह बैठक सूत सारथी समाज को संगठित, शिक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखी जा रही है।