
19 मार्च 2026।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के पलारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लच्छनपुर में गुरुवार को जिला कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनचौपाल के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर श्री शर्मा ने हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण की गुणवत्ता तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबियों का वितरण किया गया। चाबी प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया। इसी दौरान पात्र लोगों को आवासीय पट्टों का भी वितरण किया गया।
जनचौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए अभी से पानी के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों और खेतों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करें।
इस अवसर पर खंड वृक्षारोपण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने पौधों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनकी सुरक्षा और देखरेख के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखरेख और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
इसके अलावा कलेक्टर द्वारा छात्रावास का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत लच्छनपुर के सरपंच भूपेंद्र साहू ने ग्राम विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें जिला कलेक्टर के समक्ष रखीं। उन्होंने मुख्य नहर से लेकर लेखु रात्रे के घर तक पक्का नाली निर्माण कराने की मांग की, जिससे वर्षा ऋतु में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इसके साथ ही खंड वृक्षारोपण क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तारजाली घेरा कराने हेतु राशि स्वीकृत करने की मांग भी रखी गई।
जनचौपाल के दौरान ग्राम पंचायत लच्छनपुर में किए जा रहे विकास कार्यों और जनहित में सक्रिय भूमिका के लिए सरपंच भूपेंद्र साहू के कार्यों की भी सराहना की गई। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच द्वारा ग्राम के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लच्छनपुर के सरपंच भूपेंद्र साहू, सचिव सोम कुमार साहू, उपसरपंच शिवलाल साहू, समस्त पंचगण, ग्राम पटेल दिलहरण यदु, शत्रुघ्न पटेल, उमाशंकर साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), एसडीएम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनचौपाल के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिली।