बलौदाबाजार, 6 फरवरी 2026।
दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास, सशक्तिकरण एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सक्षम (समदृष्टि क्षमता अनुसंधान मंडल) जिला इकाई बलौदाबाजार द्वारा दिव्यांग कार्यशाला एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 8 फरवरी 2026, रविवार को नगर भवन, कसडोल में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार, पुनर्वास, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सामाजिक सहभागिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की जाएंगी। साथ ही समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों एवं सहयोगकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
आयोजकों ने जिले के समस्त ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने गांव के सभी दिव्यांगजनों को इस कार्यक्रम की सूचना दें तथा अधिक से अधिक संख्या में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि वे इस अवसर का लाभ उठा सकें।
सक्षम जिला इकाई ने कहा कि यह आयोजन दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास को बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।