बलौदाबाजार-भाटापारा। 2 अप्रैल 2026 शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में संपर्क केंद्र के माध्यम से एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के तहत ग्रामीणों से सीधे जुड़कर उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिले की ग्राम पंचायत कोनी, ओडान, नेवधा, जुड़ा, खर्री, सिंगारपुर, कौड़िया, उड़ेला, मुंडा और बिलारी (क) से ऑनलाइन माध्यम से सीधा संवाद स्थापित किया गया। इसमें संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संवाद में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्कूलों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी साझा की। वहीं क्रेडा (अक्षय ऊर्जा विभाग) के अधिकारियों ने सौर ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सौर सुजला योजना, सोलर लाइट और उनके रखरखाव से संबंधित जानकारी दी तथा ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
तकनीक के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच की दूरी को कम करने में अहम भूमिका निभाई। साथ ही यह पहल ग्रामीण स्तर पर सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।