पलारी तहसील में पट्टे की शासकीय जमीन का 18 लाख में सौदा! युवक से झांसा देकर कराए डिजिटल हस्ताक्षर, संदिग्ध रजिस्ट्री पर उठे सवाल

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 22, 2026

बलौदाबाजार-भाटापारा।
जिले की पलारी तहसील अंतर्गत ग्राम सोनारदेवरी में पट्टे की शासकीय जमीन को कथित रूप से 18 लाख रुपये में बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को झांसा देकर डिजिटल दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए गए और बाद में उसी आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कर दी गई। मामले की शिकायत कलेक्टर कार्यालय में की गई है।

ग्राम सोनारदेवरी निवासी भीष्मपितामह ध्रुव (25 वर्ष) ने शिकायत में बताया कि 24 फरवरी 2026 को पचेडा (महासमुंद) निवासी बिज्जू मानिकपुरी, जो गांव की कोटवारिन गोमती मानिकपुरी का दामाद है, उसे अपने साथ पुराने तहसील कार्यालय पलारी ले गया। वहां यह कहकर डिजिटल दस्तावेज पर तीन स्थानों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए कि उसकी निजी जमीन से संबंधित कार्यवाही की जा रही है। बाद में पता चला कि दस्तावेज पट्टे की शासकीय भूमि से जुड़े थे।

पीड़ित का आरोप है कि तहसील कार्यालय के बाहर ही जमीन के सौदे को लेकर पैसों के लेन-देन की चर्चा हो रही थी। आरोप के अनुसार एक साहू द्वारा 9 लाख रुपये का चेक और 9 लाख रुपये नकद दिए जाने की बात कही जा रही है। इसके बाद कथित रूप से कोटवारिन द्वारा अपने दामाद बिज्जू मानिकपुरी, सुरेश मानिकपुरी और सावित्री मानिकपुरी को एक-एक लाख रुपये दिए जाने की चर्चा भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि 9 लाख रुपये का चेक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कोसमंदी (पलारी) का था, जिसे 24 फरवरी 2026 को जमा किया गया।

अगले ही दिन गांव में यह खबर फैल गई कि सोनार देवरी के पट्टे वाली शासकीय जमीन को 18 लाख रुपये में बेच दिया गया है।** इसके बाद युवक को संदेह हुआ, क्योंकि उसी दिन उससे डिजिटल दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए गए थे। शिकायत के अनुसार संबंधित भूमि का खसरा नंबर 345/19 बताया जा रहा है, जिसमें 17 फरवरी 2026 को सुधार कर 24 फरवरी 2026 को रजिस्ट्री किए जाने की बात सामने आई है।

पीड़ित भीष्मपितामह ध्रुव ने 11 मार्च 2026 को कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर तेज है और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment