गिरौदपुरी धाम में श्रद्धा का जनसैलाब: गुरु घासीदास जयंती मेला 22 से 24 फरवरी तक, निशुल्क भंडारा की व्यवस्था

TEKRAM KOSLE

February 24, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

गिरौदपुरी, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर स्थित संत शिरोमणि गुरु घांसीदास जी की जन्मस्थली एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में 22 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 (रविवार, सोमवार एवं मंगलवार) तक गुरु दर्शन मेला का भव्य आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालु गुरु दर्शन के लिए पहुंचे, जिससे धाम परिसर में आस्था और श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन नंबर पुलिस चौकी के पास गुरु अगमदास भंडारा प्रसादी समिति, गिरौदपुरी धाम द्वारा संत समाज एवं आम श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन भंडारे की व्यवस्था की गई। भंडारे में प्रतिदिन सैकड़ों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। समिति का उद्देश्य यह रहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि गिरौदपुरी धाम न केवल गुरु घांसीदास जी की जन्मभूमि है, बल्कि बलिदानी राजा गुरु बालकदास जी की तपोभूमि के रूप में भी विख्यात है। इस पवित्र स्थल पर आयोजित गुरु दर्शन मेला में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और समाज में सत्य, अहिंसा एवं समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता अमिलाल घृतलहरे, समिति अध्यक्ष परस डहरिया एवं सचिव एडवोकेट टिला राम बनर्जी ने संयुक्त रूप से मास न्यूज के संवाददाता को जानकारी देते हुए बताया कि गुरु अगमदास भंडारा प्रसादी समिति द्वारा यह भंडारा सेवा प्रथम वर्ष आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्य जारी रहेगा।
मेले के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए समिति के सेवा कार्य को पुण्य कार्य बताया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment