गिधौरी। गिधौरी–शबरी पुल मार्ग की अत्यंत जर्जर हालत और उससे हो रही लगातार दुर्घटनाओं व आमजन की परेशानियों के विरोध में गिधौरी मंडल कांग्रेस कमेटी द्वारा एकदिवसीय चक्काजाम किया गया। इस दौरान क्षेत्र के व्यापारियों, ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर शासन–प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक बिलाईगढ़ श्रीमती कविता प्राण लहरे के मार्गदर्शन में किया गया। चक्काजाम के माध्यम से मांग की गई कि उक्त मार्ग का शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिल सके।
मंडल अध्यक्ष तुलसीधर (सरकार) वर्मा ने कहा कि गिधौरी–शबरी पुल मार्ग की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते कांग्रेस को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
चक्काजाम में व्यापारी संघ एवं समस्त ग्रामवासी गिधौरी ने समर्थन दिया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।