प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायत, जांच के लिए ग्राम लावर पहुंचे अधिकारी

TEJASWI NATH SONI

March 5, 2026

। बलौदाबाजार जिले के सिमगा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लावर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद जांच के लिए अधिकारी ग्राम लावर पहुंचे और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए।

जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इसके लिए ग्राम सभा में पात्र हितग्राहियों का चयन कर निर्धारित स्थान पर मकान निर्माण कराना अनिवार्य होता है। लेकिन ग्राम पंचायत लावर में नियमों की अनदेखी कर लगभग डेढ़ साल पुराने मकान को नया निर्माण दर्शाकर दो किस्त की राशि निकालने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के आधार पर जांच अधिकारी दुर्गेश साहू एवं किरण वर्मा ग्राम पंचायत लावर पहुंचे। उन्होंने सरपंच योगेश नेताम, सचिव श्रवण वर्मा तथा रोजगार सहायिका निर्मला ध्रुव का लिखित बयान दर्ज किया। साथ ही आवास मित्र से भी आवश्यक जानकारी लेकर मामले की जांच प्रारंभ की गई है।

मामले के शिकायतकर्ता कल्याण सिंह ध्रुव ने जांच प्रक्रिया को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उनसे शिकायत के सभी प्रमाण मांगे गए, लेकिन संबंधित पक्ष से यह नहीं पूछा गया कि डेढ़ साल पुराने मकान को नया निर्माण दिखाकर दो किस्त की राशि किस आधार पर निकाली गई।

इस संबंध में आवास शाखा के अधिकारी युगल वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जहां जियो-ट्रैकिंग की गई है, उसी स्थान पर मकान का निर्माण होना चाहिए। पुराने मकान को नया दिखाकर राशि निकालना गलत है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment