बिजली की आंख-मिचौली से आम आदमी और किसान त्रस्त, आंदोलन की चेतावनी — मोक्ष कुमार प्रधान

SARJU PRASAD SAHU

March 26, 2026

बसना। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता और किसान बुरी तरह परेशान हैं। छत्तीसगढ़ जैसे बिजली सरप्लस राज्य में भी ग्रामीण इलाकों में अनियमित आपूर्ति ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। इस गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस के सक्रिय नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने बिजली विभाग पर कड़ा प्रहार करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बसना क्षेत्र के आमापाली, कुरचुंडी, केरामुंडा सहित कई गांवों में बिजली की स्थिति बेहद खराब है। पंप फीडर के नाम पर पहले से ही 6 घंटे की कटौती की जा रही है, लेकिन इसके अलावा भी बिना किसी सूचना के बार-बार बिजली गुल हो जाती है। इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है और फसलें सूखने के कगार पर पहुंच रही हैं।

उन्होंने बताया कि एक ओर सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को मजबूत करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बिजली की इस लचर व्यवस्था से किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। रात-दिन की अनियमित कटौती से न केवल खेती प्रभावित हो रही है बल्कि विद्यार्थियों की पढ़ाई, छोटे व्यापारियों का कामकाज और आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने बिजली विभाग के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता अब इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने वाली नहीं है। उन्होंने मांग की कि बिजली आपूर्ति को सुचारू और नियमित किया जाए, अनावश्यक कटौती पर तुरंत रोक लगे और ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर राहत दी जाए।

उन्होंने आगे कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। यह आंदोलन सिर्फ चेतावनी नहीं बल्कि जनता के हक और अधिकार की लड़ाई होगी, जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे।

अंत में उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम आदमी और किसान को राहत मिल सके और क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बहाल हो सके।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment