कलेक्टर ने राजस्व शिविर का लिया जायजा, आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

SARJU PRASAD SAHU

April 1, 2026

बलौदाबाजार । 1 अप्रैल 2026 जिले में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 1 अप्रैल से सभी तहसीलों के क्लस्टर ग्राम पंचायतों में राजस्व पखवाड़ा का आयोजन शुरू किया गया है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को तहसील बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत अर्जुनी में आयोजित राजस्व शिविर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सरपंच, सचिव एवं पटवारी से शिविर में प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एक प्रकरण में जमीन सीमांकन के आवेदन पर कलेक्टर ने पटवारी और आरआई को आवेदक की उपस्थिति में उसी दिन सीमांकन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पेंशन से संबंधित आवेदनों पर भी नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से शिविर की जानकारी के बारे में पूछताछ की, जिस पर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मुनादी के माध्यम से सूचना दी गई थी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से पीडीएस दुकान और आंगनबाड़ी केंद्र के नियमित संचालन, पटवारी एवं सचिव की मुख्यालय में उपस्थिति तथा पेयजल व्यवस्था की स्थिति की जानकारी भी ली।

इस दौरान कलेक्टर ने “मोर गांव, मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया और सोखता गड्ढा निर्माण के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। साथ ही सचिव को पंचायत भवन में वाटर हार्वेस्टिंग संरचना विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति का विधिवत पंजी संधारण सुनिश्चित करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रकाश कोरी सहित सरपंच, पंच, सचिव एवं पटवारी उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment