कलेक्टर ने की धान खरीदी की समीक्षा, छूटे हुए किसानों की समस्याओं के समाधान के निर्देश

TEJASWI NATH SONI

January 29, 2026

बलौदाबाजार, 29 जनवरी 2026।
कलेक्टर दीपक सोनी ने गुरुवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंजीयन अथवा अन्य कारणों से जिन किसानों के टोकन नहीं कट पाए हैं, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि जिन पंजीकृत किसानों ने अपनी समस्या से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए हैं, उनके मामलों में आवश्यक कार्यवाही करते हुए धान विक्रय हेतु टोकन जारी किए जाएं। उन्होंने दोहराया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कोई भी योग्य किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब तक जारी सभी टोकनों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कराया जाए। इसके साथ ही बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा चेक पोस्टों पर सघन जांच जारी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अब तक अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की गई है और आगे भी यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।

बैठक में कलेक्टर ने धान के उठाव कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि खरीदी केंद्रों पर अनावश्यक दबाव न बने और व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय से कार्य करते हुए धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और किसान हितैषी बनाए रखें।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment