महासमुंद। जिले में मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के तहत 18 फरवरी को महासमुंद कलेक्टर कार्यालय का घेराव एवं धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। दोपहर 1 बजे प्रस्तावित इस कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और मजदूरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने केंद्र सरकार की प्रस्तावित नीति पर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, किसानों और मजदूरों के लिए रोजगार का सशक्त आधार है। योजना में किए जा रहे बदलावों से गांवों में काम के अवसर कम हो सकते हैं और मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जिससे लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका संकट में पड़ सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर मजदूरों की आवाज बुलंद करेगी। प्रदर्शन के दौरान “VB-GRAM-G” विधेयक को वापस लेने तथा मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग को लेकर प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन मजदूर हितों की रक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए निर्णायक कदम साबित होगा।