कलेक्टर ने पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

TEJASWI NATH SONI

March 12, 2026

बलौदाबाजार, 12 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को विकासखंड भाटापारा के ग्राम पंचायत तरेंगा के भ्रमण के दौरान पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांगों और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चौपाल में ग्रामीणों ने मिडिल स्कूल में शिक्षकों के देर से पहुंचने, विद्यार्थियों पर नियंत्रण की कमी तथा शाला विकास समिति की बैठक और फंड के उपयोग में पारदर्शिता नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को फोन पर निर्देश देते हुए कहा कि तत्काल बीईओ और बीआरसी को स्कूल भेजकर व्यवस्था सुधारने की कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और गांव के पहुंच मार्ग से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। कलेक्टर ने इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

इसके पश्चात कलेक्टर ने टीटीसी लाइब्रेरी परिसर में पीपल का पौधा रोपित किया। साथ ही “मोर गांव, मोर पानी” अभियान के तहत लाइब्रेरी भवन के पास सोखता गड्ढा निर्माण में श्रमदान कर लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

उप सरपंच की मांग पर कलेक्टर ने लाइब्रेरी में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम के नवनियुक्त पुलिस आरक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए गांव में स्थापित जिम सेंटर की भी सराहना की।

इस अवसर पर जिला पंचायत की सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment