बलौदाबाजार, 6 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आज कसडोल विकासखंड के भ्रमण के दौरान कसडोल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दवा वितरण केंद्र में केवल एक फार्मासिस्ट होने के कारण मरीजों को दवा लेने में हो रही परेशानी को देखते हुए जीवन दीप समिति से दो अतिरिक्त फार्मासिस्ट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में महिला एवं पुरुष वार्ड को अलग-अलग संचालित करने तथा शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी में पंजीयन व्यवस्था सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा को महीने में तीन दिन—7, 14 और 21 तारीख को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुष्ठ रोग कक्ष में भर्ती एक मरीज को मेडिकल किट और चप्पल भी वितरित की गई।
दवा भंडारण कक्ष में कलेक्टर ने उपलब्ध दवाइयों की सूची, एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने की प्रक्रिया तथा रिकॉर्ड की जानकारी ली। आपातकालीन कक्ष के निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया, जिस पर कलेक्टर ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने एनआरसी कक्ष में भर्ती कुपोषित बच्चों की जानकारी लेते हुए उन्हें निर्धारित डाइट चार्ट के अनुसार समय पर पूरक पोषण आहार देने के निर्देश दिए। वहीं फिजियोथेरेपी कक्ष में उपचार करा रहे मरीजों से सुविधाओं के बारे में चर्चा की और फिजियोथेरेपिस्ट के कार्य की सराहना करते हुए इसी तरह सेवा जारी रखने को कहा।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम आर.आर. दुबे, सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।