
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 6 मार्च 2026। जिले के कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को लवन में तहसील कार्यालय और स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताई और ऑर्डरशीट समय पर पूर्ण नहीं करने पर तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
लंबित प्रकरणों पर जताई नाराजगी
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न लंबित राजस्व प्रकरणों का अवलोकन किया। इस दौरान पाया गया कि आरआई प्रतिवेदन प्राप्त होने के ढाई महीने बाद भी ऑर्डरशीट पूर्ण नहीं की गई थी, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से सीधे की बातचीत
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
नकल शाखा की व्यवस्था का लिया जायजा
कलेक्टर ने नकल शाखा का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद लिपिक से नकल आवेदन तथा नकल प्राप्त करने वाले ग्रामीणों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण आकाश शर्मा से फोन पर बात कर नकल प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। आकाश शर्मा ने बताया कि उन्हें नकल प्राप्त हो गई है और प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
इसके बाद कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र और भुइया कक्ष का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्वामी आत्मानंद स्कूल में परीक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में कक्षा 10वीं की गणित विषय की परीक्षा संचालित हो रही थी। कलेक्टर ने केंद्राध्यक्ष से परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा पारदर्शिता के साथ परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि परीक्षा में कुल 450 विद्यार्थियों में से 436 छात्र उपस्थित थे।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम प्रकाश कोरी, तहसीलदार पेखन टोंड्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।