बलौदाबाजार, 16 दिसम्बर 2025/ कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पंजीकृत 7 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों एवं शिल्पकारों को उनके कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सम्मानित हितग्राहियों में नाई व्यवसाय से जुड़े बेदुराम सेन एवं विजय कुमार श्रीवास, राजमिस्त्री कार्य से जुड़े टिकेश्वर कुमार साहू, कुमार वर्मा एवं कृष्णा यादव, सोनार व्यवसाय से शिवकुमार सोनी तथा टेलर व्यवसाय से श्रीमती कृष्णा साहू शामिल रहे। सभी हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके कौशल और योगदान की सराहना की गई।
इसके साथ ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतर्गत रकबा समर्पण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कृषि साख सहकारी समिति कुम्हारी के समिति प्रबंधक रामेश्वर वर्मा एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर देवेंद्र कुमार साहू को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्री सोनी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों की पहचान कर उन्हें सशक्त बनाना है। इस योजना के माध्यम से कारीगरों को कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, आधुनिक औजार एवं टूल किट प्रदान कर उनकी आजीविका को सुदृढ़ किया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से कारीगरों का मनोबल बढ़ा है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिली है।