नगर को स्वच्छ बनाने में नागरिकों का सहयोग सबसे जरूरी — अध्यक्ष

BHUPENDRA SINHA

April 7, 2026

छुरा/गरियाबंद :- नगर पंचायत छुरा में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन नगर के विभिन्न वार्डों से ट्रैक्टर-ट्रैक्टर भरकर कचरा उठाया जा रहा है। साथ ही नालियों की नियमित सफाई कर जलभराव की समस्या को दूर करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

इसके बावजूद नगर की स्वच्छता बनाए रखना एक चुनौती बना हुआ है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जब तक आम नागरिकों का सहयोग नहीं मिलेगा, तब तक शहर को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाना संभव नहीं है। कई बार नालियों की सफाई के अगले ही दिन उनमें फिर से पॉलिथीन, डिस्पोजल और अन्य कचरा भर जाता है, जिससे सफाई कर्मचारियों की मेहनत बेकार हो जाती है और जल निकासी बाधित होती है।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में केवल 5 सफाई कर्मचारी हैं, जिन पर पूरे 15 वार्डों की जिम्मेदारी है। सीमित संसाधनों के बावजूद कर्मचारी बिना अवकाश के पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। लगातार मेहनत के कारण कई बार वे बीमार भी पड़ जाते हैं, लेकिन स्वस्थ होते ही फिर से अपने कर्तव्यों में जुट जाते हैं।
अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जैसे लोग अपने घरों की साफ-सफाई का ध्यान रखते हैं, उसी तरह अपने आसपास के मोहल्ले, गली, सड़क और नालियों को भी स्वच्छ रखें। कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और नालियों में प्लास्टिक या घरेलू कचरा न फेंकें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर केवल कर्मचारियों के प्रयास से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है। सभी नागरिक मिलकर सहयोग करें, तभी छुरा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर बनाया जा सकता है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment