
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत संकुल परसदा के शासकीय प्राथमिक शाला नंदनिया में 6 मार्च 2026 को बाल शोध मेला का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों ने पाठ्यपुस्तक के विभिन्न अध्यायों का अध्ययन कर गांव की वास्तविक स्थिति का सर्वे किया और समस्याओं के समाधान के लिए ग्राम पंचायत को प्रस्ताव भी सौंपा।
प्रधानपाठक अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में सहायक शिक्षक लोकनाथ बरिहा और रामधनी पैकरा द्वारा बच्चों को नौ समूहों में विभाजित कर दिसंबर से फरवरी तक तीन माह तक शोध कार्य कराया गया। बच्चों ने घर-घर जाकर परिवारों से जानकारी एकत्र की, साक्षात्कार लिए, प्रश्नावली तैयार की तथा अवलोकन के माध्यम से गांव की स्थिति का अध्ययन किया। इसके आधार पर गांव का नक्शा तैयार कर जनसंख्या, मकान, शिक्षा, व्यवसाय, पशुधन आदि का आंकड़ा प्रस्तुत किया गया।
सर्वे के दौरान बच्चों ने तीन प्रमुख समस्याओं की पहचान की। पहली समस्या तालाब में महिला और पुरुषों के लिए अलग पचरी व दीवार का अभाव, दूसरी बस्ती के बीच रंगमंच के पास शौचालय निर्माण की आवश्यकता तथा तीसरी नल और बोर के पास सोखता गड्ढा नहीं होने से पानी के फैलाव और गंदगी की समस्या थी। बच्चों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्ताव सरपंच सत्यभावना यादव को सौंपा, जिस पर उन्होंने सकारात्मक पहल करते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
बाल शोध मेले में बच्चों ने पेड़-पौधे और पत्तियां, मिट्टी के प्रकार, जल स्रोत, विभिन्न प्रकार के कपड़े, कामगार, मापन, आकृतियां, तीज-त्योहार और पकवान जैसे विषयों पर स्टॉल लगाकर संग्रहित सामग्री का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए तथा मार्च माह के बाल अखबार “बाल जगत” का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 500 पालक, शिक्षक और ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में शिक्षक लोकनाथ बरिहा ने भूमिका निभाई, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रामधनी पैकरा ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। आयोजन में ग्राम पंचायत द्वारा मिक्सचर, बिस्किट, टेंट और माइक की व्यवस्था की गई।
इस पूरे आयोजन में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन कसडोल के सदस्य नरेन्द्र कुमार का विशेष सहयोग रहा।