मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती कौशिल्या देवी साय पहुँची नारायणपुर धाम, भव्य महाधिवेशन में शामिल।
बलौदा बाजार । जिला अंतर्गत कसडोल ब्लॉक के प्राचीन धर्म नगरी नारायणपुर धाम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी श्रीमती कौशिल्या देवी साय नारायणपुर धाम पहुँचीं, जहाँ उन्होंने कँवर आदिवासी समाज के केंद्रीय महासभा लवनराज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय महाधिवेशन में भाग लिया।

इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कँवर, नेता प्रतिपक्ष नंद कुमार साय, प्रदेश अध्यक्ष सनम जांगड़े, कसडोल विधायक संदीप साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह पैकरा, संरक्षक राममूर्ति दीवान, महासचिव हुकुम सिंह पैकरा, कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार पैकरा सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों—खल्लारी, राजनांदगांव, कोरबा, जशपुर, धमतरी आदि से आए अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
तीन दिवसीय इस महाधिवेशन में लगभग 172 गांवों से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान आदर्श विवाह का आयोजन किया गया तथा समाज द्वारा भोजन एवं पेयजल की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन में विशेष आकर्षण पैदा किया।
अपने संबोधन में श्रीमती कौशिल्या देवी साय ने समाज को एकता के सूत्र में बंधने, नैतिक मूल्यों को बनाए रखने एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने नशा मुक्ति पर भी जोर देते हुए समाज को मद्यपान जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
कसडोल विधायक संदीप साहू ने अपने वक्तव्य में आदिवासी समाज को “जल, जंगल और जमीन का संरक्षक” बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं की बड़ी संख्या की भी विशेष प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा, खेल एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
नारायणपुर धाम, जो महानदी के तट पर स्थित एक प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक स्थल है, कँवर समाज का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहाँ प्राचीन महादेव मंदिर स्थित है और प्रतिवर्ष रथयात्रा का आयोजन भी किया जाता है।