बलौदाबाजार। 2 फरवरी 2026 जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए रविवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी परिक्षेत्र रायपुर के मुख्य अभियंता के.के. मरकाम एवं अधीक्षण अभियंता समीर गौर ने पलारी आवर्धन योजना तथा बिटकुली–रामपुर समूह जल प्रदाय योजना का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, भौतिक प्रगति एवं तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य अभियंता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, गुणवत्ता से समझौता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
स्थल निरीक्षण के उपरांत खंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में “हर घर जल” योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में कार्यों में तेजी लाने, विभागीय आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने दोहराया कि जल जीवन मिशन शासन की प्राथमिकता वाली योजना है और जिले के प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, जिसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान कार्यपालन अभियंता नामित कोसरिया, सहायक अभियंता आर.के. ध्रुव, के.एल. देवांगन, मनोज दाखोड़े, उप अभियंता संदीप लॉरेंस, कलीराम पैकरा एवं रीना सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।