
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार-भाटापारा। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में दोगुना रकम लौटाने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने आज एक और आरोपी चंद्रप्रकाश साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाना कसडोल क्षेत्र से हिरासत में लेकर विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे दिया जाता था ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपीगण शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर आम लोगों से बड़ी रकम एकत्र करते थे। निवेशकों को जल्दी और दोगुना रिटर्न का भरोसा दिलाया जाता था, लेकिन तय समय पर न तो रकम लौटाई जाती थी और न ही कोई मुनाफा दिया जाता था। इस तरह कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की गई।
अब तक दर्ज हुए 5 आपराधिक प्रकरण
अब तक की विवेचना में आरोपियों के विरुद्ध
थाना कसडोल में 04 आपराधिक प्रकरण,
थाना गिधौरी में 01 आपराधिक प्रकरण
दर्ज किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में शासकीय शिक्षक आरोपी रामनारायण साहू सहित 11 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अन्य आरोपियों की तलाश तेज
प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उनकी सरगर्मी से पता-तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: चंद्रप्रकाश साहू
उम्र: 34 वर्ष
निवासी: ग्राम भूषड़ीपाली (वीरनारायणपुर),
पुलिस चौकी सोनाखान, थाना कसडोल
पुलिस की आम जनता से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर किसी भी व्यक्ति के साथ ठगी हुई है, तो वे बिना देर किए नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई संभव हो सकेगी।
> सतर्क रहें, लालच में न आएं और किसी भी निवेश से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच करें।