मादन पंचायत में सीसी रोड घोटाला 30 लाख की सड़कें एक माह में उखड़ीं जांच में सही बताई गई सड़कें बनीं भ्रष्टाचार की मिसाल

SARJU PRASAD SAHU

January 27, 2026

कोरबा।कोरबा जिले के जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत मादन में लाखों रुपये की लागत से बनी सीसी सड़कों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो सीसी सड़कें निर्माण के महज एक माह के भीतर ही जर्जर हो गईं, जिससे घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार के आरोप तेज हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फॉरेस्ट काष्ठागार से बस्ती की ओर 600 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से किया गया था। वहीं कदमहा तालाब के पास करीब 10 लाख रुपये की लागत से एक अन्य सीसी रोड बनाई गई थी। दोनों ही सड़कें अब उखड़ने लगी हैं, गिट्टियां बाहर आ रही हैं और जगह-जगह धूल के गुबार उड़ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में स्टीमेट के विपरीत घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, साथ ही सीमेंट की मात्रा भी कम रखी गई, जिससे सड़कें टिक नहीं सकीं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई गई थी और शिकायतें भी की गई थीं, इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्य को गुणवत्तापरक बताकर जांच में सही ठहरा दिया गया।

अब जब सड़कें एक माह के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई हैं, तो सरपंच, सचिव और निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई होती, तो सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सकती थी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने, दोषी ठेकेदारों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने, साथ ही भ्रष्टाचार में खर्च हुई राशि की वसूली की मांग की है। मामले ने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment