बलौदाबाजार, 7 फरवरी 2026।
नगर क्षेत्र में बीमार एवं अशक्त वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना को लेकर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज 2 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कानून के शिकंजे में लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया द्वारा दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि दिनांक 06.02.2026 को दोपहर लगभग 2 बजे आरोपियों ने एक बीमार एवं अशक्त वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान एक आरोपी ने न केवल अपराध में सहयोग किया, बल्कि मौके पर खड़े होकर संरक्षण भी दिया। प्रार्थिया के घटनास्थल पर पहुंचते ही दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 105/2026 अंतर्गत धारा 64(2)(k), 332(b) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसमें एक आरोपी द्वारा दुष्कर्म किया गया तथा दूसरे आरोपी द्वारा उसे संरक्षण प्रदान किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
श्याम यादव, उम्र 36 वर्ष
निवासी – नयापारा बलौदाबाजार
वर्तमान पता – डेयरी के पास, गैस गोदाम रोड, वार्ड नंबर 19, बलौदाबाजार
मोहन पंजवानी, उम्र 65 वर्ष
निवासी – डेयरी के पास, गैस गोदाम रोड, वार्ड नंबर 19, बलौदाबाजार
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।