पुटपुरा में अवैध निर्माण पर ब्रेक, प्रशासन ने दिखाई सख्ती

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 29, 2026


ग्राम पंचायत पुटपुरा में सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे और निर्माण के मामले में खबर का असर अब साफ नजर आने लगा है। प्रशासन हरकत में आया है और वर्तमान में बन रहे अवैध मकान निर्माण पर रोक लगा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, गांव की करीब 200 से 250 एकड़ सरकारी जमीन पर लंबे समय से बेजा कब्जा किया गया है। कब्जाधारी न केवल जमीन पर खेती कर रहे थे, बल्कि मकान निर्माण की गतिविधियां भी चल रही थीं। हालांकि मकान निर्माण पूरे क्षेत्र में नहीं, बल्कि केवल कुछ हिस्सों में ही किया जा रहा था।

प्रशासन द्वारा पहले ही निर्माण रोकने के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य जारी रहा। ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद राजस्व विभाग ने करीब 15 लोगों को नोटिस जारी किया, फिर भी स्थिति में खास बदलाव नहीं आया और कब्जाधारी सक्रिय बने रहे।

मामला सामने आने के बाद अब प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगा दी है। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, हालांकि अब भी लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि अवैध कब्जा हटाने की ठोस कार्रवाई कब तक की जाती है।

गांव में चारागाह और श्मशान के लिए जमीन की कमी लंबे समय से बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस पूरे मामले में आगे और कड़ी कार्रवाई करेगा।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment