बोर्ड ऑफ विजिटर के सदस्यों ने किया जिला जेल का निरीक्षण भोजन, स्वास्थ्य, विधिक सहायता और सुधारात्मक गतिविधियों की समीक्षा

TEJASWI NATH SONI

March 3, 2026

बलौदाबाजार, 3 मार्च 2026। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अब्दुल जाहिद कुरैशी की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला जेल विजिटर्स बोर्ड के सदस्यों ने संयुक्त रूप से जिला जेल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने सभी बैरकों में जाकर बंदियों, जेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों से चर्चा की। जांच में जेल के भीतर किसी प्रकार की जातिगत भेदभाव की प्रथा नहीं पाई गई। भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय-समय पर चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता जेल नियमावली के अनुरूप संतोषजनक पाई गई।

बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु जेल परिसर में लीगल एड क्लिनिक की स्थापना की गई है। लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, पैनल अधिवक्ता एवं पैरालीगल वालंटियर नियमित रूप से जेल का भ्रमण कर बंदियों से मुलाकात कर उनके प्रकरणों की जानकारी दे रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलौदाबाजार द्वारा समय-समय पर विधिक साक्षरता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

बंदियों की समस्याओं के निराकरण हेतु प्रत्येक बुधवार को जेल समीक्षा की जाती है। मानसिक स्वास्थ्य के लिए ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कोर्स का संचालन किया जा रहा है, जिससे बंदियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। साथ ही साक्षरता अभियान भी चलाया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अमिता जायसवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा सिंह, सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment