छुरा में ब्लॉक स्तरीय बालीबाल प्रतियोगिता का होने जा रहा आयोजन, मिनी स्टेडियम में जुटेगा खेल प्रेमियों का सैलाब,

BHUPENDRA SINHA

February 27, 2026

छुरा/ गरियाबंद – खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 01/03/2026 दिन रविवार को छुरा के मिनी स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय बालीबाल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में ब्लॉक क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं खेल क्लबों की टीमें हिस्सा लेंगी। सुबह से ही मुकाबलों की शुरुआत होगी। खिलाड़ियों के दमदार स्मैश, सटीक सर्विस और बेहतरीन टीम वर्क से मिनी स्टेडियम दिनभर रोमांच से भरपूर रहेगा।

विजेताओं को मिलेगा सम्मान,

प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाने की जानकारी आयोजकों ने दी है।

जनप्रतिनिधि करेंगे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन,

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए खेल भावना और अनुशासन का संदेश देंगे।

प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मैदान की साज-सज्जा के साथ खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।

आयोजकों ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। यह प्रतियोगिता न केवल खेल कौशल का प्रदर्शन होगी, बल्कि आपसी भाईचारे और सौहार्द का भी संदेश देगी।

रविवार को छुरा का मिनी स्टेडियम खेल प्रेमियों के जोश और तालियों की गूंज से सराबोर रहेगा।

जिला ब्यूरो

Share this content:

Leave a Comment