थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत कोडार डेम जंगल में अज्ञात महिला की निर्मम हत्या कर शव को जलाने के सनसनीखेज मामले का महासमुंद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब एक वर्ष से फरार अज्ञात आरोपी को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या लालच और लूट की नीयत से की गई थी। आरोपी ने महिला की हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में जला दिया था, जिससे मामला लंबे समय तक अंधा बना रहा।
लगातार तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र एवं गहन विवेचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूरज ध्रुव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मृतिका द्वारा पहने गए गहने तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को बरामद किया गया, जिससे प्रकरण में ठोस साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सूरज ध्रुव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह वर्ष 2018 में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है।
यह संपूर्ण कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस के दिशा-निर्देशन में तथा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है।