सोनाखान। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से प्रदेश में समस्याओं का अंबार बढ़ता जा रहा है, विशेषकर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। यह आरोप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने लगाया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान और मजदूर वर्ग को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जमीन रकबा संशोधन से लेकर खाद-बीज की उपलब्धता तक किसान जूझ रहे हैं। महंगे दामों पर खाद खरीदकर खेती करने वाले किसानों को धान बेचते समय टोकन की समस्या का सामना करना पड़ा, जिससे कई किसानों का आधा धान ही बिक पाया और बाकी धान बेचने में परेशानी हुई।
नायक ने आगे कहा कि धान बेचने के बाद किसानों को बैंक से पैसा निकालने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़कों के कारण रात में पैसा लेकर घर लौटना भी जोखिम भरा हो गया है। इसके अलावा बिजली बिल, महंगाई और शराब की बढ़ती बिक्री से सामाजिक समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
उन्होंने गैस सिलेंडर के लिए लंबी प्रतीक्षा अवधि, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें और सोना-चांदी के आसमान छूते दामों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी कठिन होता जा रहा है।
युधिष्ठिर नायक ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि “अच्छे दिन” का वादा करने वाली सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को याद रखें, क्योंकि आने वाले समय में यह बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।
कांग्रेस नेता के इस बयान के बाद क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले समय में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।