बसना में भाजपा का मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित, डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

SARJU PRASAD SAHU

March 22, 2026

बसना। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के वैचारिक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से अग्रसेन भवन में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के तहत मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘अंत्योदय’ दर्शन भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल राजनीतिक सदस्य नहीं, बल्कि अनुशासित और सजग सिपाही के रूप में कार्य करना चाहिए।

उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करना समय की आवश्यकता है। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुँचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, जहां व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव, शालीनता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा महासमुंद जिला अध्यक्ष येतराम साहू, जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, वरिष्ठ नेता रमेश अग्रवाल, एन.के. अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष डिलेश्वरी निराला सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन विस्तार और आगामी चुनावों के लिए संकल्प लिया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment